
बिल्सी (बदायूं)।
बिल्सी तहसील परिसर स्थित लेखपाल कार्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय के अंदर एक काला कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही कर्मचारियों और फरियादियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर लेखपाल विजेंद्र सिंह जब अपने कार्यालय पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला तो सामने एक काला कोबरा बैठा हुआ दिखाई दिया। सांप को हटाने का प्रयास किया गया तो वह फन फैलाकर आक्रामक हो गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया।
कोबरा निकलने की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने सावधानी बरतते हुए कोबरा को सुरक्षित तरीके से एक डिब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने के उद्देश्य से पास के जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया।

लेखपाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि समय रहते सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया, जिससे कोई जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि घटना के बाद काफी देर तक तहसील परिसर में दहशत का माहौल बना रहा और लोग इस घटना की चर्चा करते रहे।




