
कासगंज/बदायूँ।
श्रावण मास 2026 में कांवड़ यात्रा और गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कासगंज और बदायूँ प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। जनपद कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी तथा बदायूँ के कछला गंगा घाट पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।

प्रशासन के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार शाम 8:00 बजे से सोमवार शाम 8:00 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर अतिरिक्त यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।

भारी वाहनों पर रहेगी रोक
कांवड़ मार्ग पर ट्रक, ट्राला, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, संभल, कासगंज, आगरा और बदायूँ की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
रोडवेज बसों और हल्के वाहनों के लिए अलग रूट
बदायूँ से बरेली, मुरादाबाद, नोएडा, दिल्ली, फर्रुखाबाद, शाहजहाँपुर, एटा, अलीगढ़, आगरा और मथुरा की ओर जाने वाली रोडवेज बसों एवं अन्य हल्के वाहनों का संचालन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा। कांवड़ मार्गों पर केवल कांवड़ यात्रा से जुड़े वाहनों को ही आवागमन की अनुमति होगी।
प्रमुख चौराहों पर रहेगा पुलिस का कड़ा पहरा
यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कछला रोड (सहसवान), मुजरिया चौराहा, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा सहित सभी प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी रूट डायवर्जन का पालन करें और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा के संचालन में प्रशासन का सहयोग करें।



