
उघैती (बदायूं)। बदायूं-बिजनौर स्टेट हाईवे पर उघैती कस्बे से गुजरने वाली नई बनी सड़क बरसात के बाद जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।
कस्बे के मुख्य बाजार से होकर गुजरने वाले इस व्यस्त मार्ग पर हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क टूटने से बने गहरे गड्ढों में दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खोकर गिर जाते हैं, जबकि चार पहिया वाहनों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल जाता है।
जल निकासी बनी सबसे बड़ी समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान कुछ स्थानों पर सीसी रोड तो ऊंची बना दी गई, लेकिन बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप बरसात का पानी सड़क पर जमा होने लगा और नई सड़क कुछ ही समय में उखड़कर गड्ढों में बदल गई।
स्थायी समाधान की मांग
कस्बावासियों ने मांग की है कि सड़क की सिर्फ मरम्मत कराने के बजाय पूरे मार्ग का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए तथा प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि हर वर्ष बरसात में सड़क टूटने और हादसों की नौबत न आए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।




