
बदायूं। बागपत जनपद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अल्लापुर चमारी के 14 श्रद्धालुओं की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद गांव में मातम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दुःख की इस घड़ी में जिलाधिकारी श्री अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ग्राम अल्लापुर चमारी पहुंचे और शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

वहीं समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव तथा शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी गांव पहुंचे। दोनों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस अपार दुःख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
एक साथ 14 अपनों को खोने से अल्लापुर चमारी में गम का माहौल है। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




