
बिल्सी (बदायूं)। नगर के व्यस्त तहसील मोड़ स्थित बस स्टैंड की हालत बद से बदतर होती जा रही है। वर्षों पहले यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए बस स्टैंड का शेड पूरी तरह जर्जर हो चुका है। छत टूटने के कारण अब यह यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।
बस स्टैंड के आसपास गंदगी और कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां बस का इंतजार करते हैं, लेकिन बैठने और सुरक्षित खड़े होने की समुचित व्यवस्था नहीं है। तस्वीरों में भी बस स्टैंड की बदहाल स्थिति साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक बस स्टैंड के मरम्मत और सौंदर्यीकरण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से जल्द से जल्द बस स्टैंड की मरम्मत, साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
संवाददाता : शिवेंद्र प्रताप यादव
नव दर्पण न्यूज़, बदायूं




