
बदायूं। उघैती क्षेत्र के ग्राम छिबऊकला से करनपुर रोड की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। बारिश के बाद सड़क पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे और राहगीर सबसे अधिक परेशान हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि छिबऊकला–करनपुर रोड की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो तहसील स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सड़क की बदहाली के कारण कोई हादसा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
संवाददाता : शिवेंद्र प्रताप यादव
नव दर्पण न्यूज़, बदायूं



