शिक्षक बना जल्लाद स्कूल में छात्रा की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत
सहपाठी से विवाद की शिकायत लेकर शिक्षक के पास पहुंची थी छात्रा, परिजनों का आरोप—डंडों से पीटा और हाथ मरोड़े अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम।

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा क्षमा दीक्षित की शिक्षक द्वारा कथित रूप से बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस की कार्रवाई से मामला गरमा गया है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में क्षमा का अपने सहपाठी से विवाद हो गया था। इसकी शिकायत लेकर वह शिक्षक राजेंद्र गंगवार के पास पहुंची थी। आरोप है कि शिकायत सुनने के बाद शिक्षक ने छात्रा को डंडों से पीटा और उसके दोनों हाथ मरोड़ दिए।
आरोप है कि पिटाई के बाद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने 26 अगस्त को उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
मामले में BSA ने स्कूल के प्रधानाध्यापक और आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस ने भी FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




