Welcome to नव दर्पण न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to नव दर्पण न्यूज़
टॉप न्यूज़बदायूंयूपी

उझानी क्षेत्र में विवाह के 14 महीने बाद विवाहिता की मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप

दहेज में प्लॉट की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने का आरोप

बदायूं। उझानी क्षेत्र में विवाह के करीब 14 महीने बाद एक विवाहिता की मौत के बाद दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज में प्लॉट मांगने और मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

उसावां थाना क्षेत्र के गांव दीवाननगर पचदेवरा निवासी जसवीर ने बताया कि उन्होंने मई 2025 में अपनी 23 वर्षीय बेटी प्रियंका की शादी नेकपुर मुजाहिदपुर रोड निवासी अनमोल पुत्र सौदान सिंह के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज में प्लॉट की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर प्रियंका को मायके भेज दिया गया था।

परिजनों के अनुसार, उस समय प्रियंका गर्भवती थी। उसकी डिलीवरी मायके में हुई, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद से उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। परिवार ने कई जगह उसका इलाज कराया और बाद में उसे सैफई भी ले जाया गया, लेकिन वहां से भी कोई विशेष राहत नहीं मिली।

बताया गया कि घर लौटते समय रास्ते में प्रियंका की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!