
बदायूं। दातागंज थाना पुलिस ने लूट की एक घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 10,200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को म्याऊं निवासी नेत्रपाल दातागंज क्षेत्र के डहरपुर टोल प्लाजा के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि चार अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रोककर उसे सीज कराने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से उनसे 19,200 रुपये नकद, 800 रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कराए और मोबाइल फोन भी ले लिया।
मामले में नेत्रपाल की तहरीर पर थाना दातागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान प्रकाश में आए हरिओम मथुरिया निवासी नाहर खां सराय, लालपुल चौराहा और यश जोशी निवासी जोशी मोहल्ला, चौधरी सराय, बदायूं को पुलिस ने 20 अगस्त को बसेला तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 10,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार संख्या DL3CBS6126 बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक दातागंज वेदपाल सिंह मय पुलिस टीम।



