
बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया था। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना सामने आई।
हंगामे के दौरान भीड़ ने पुलिस के वाहनों को भी निशाना बनाया। एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। घटना के दौरान कवरेज कर रहे एक पत्रकार के सिर में भी चोट लगने की सूचना है।
स्थिति को गंभीर देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदयेश कठेरिया मौके पर पहुंचे थे। हालात बिगड़ने के बाद डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा को भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
बुधवार को डीआईजी अजय साहनी भी राजा की सीकरी पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। डीआईजी को अब तक पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।



