
छिवऊकलां (बिसौली, बदायूं)।
बिसौली ब्लॉक के ग्राम छिवऊकलां स्थित ग्राम देवी मंदिर परिसर में बुधवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान एवं भव्य हवन का आयोजन किया गया, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में आचार्य पंडित राजपाल पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्ण विधि-विधान से हवन संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कीं। पूरे मंदिर परिसर में “जय माता दी” के जयकारों और वैदिक मंत्रों की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
हवन-पूजन के उपरांत गांव की महिलाओं ने ढोलक की थाप पर देवी माता के पारंपरिक भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर माता की भक्ति में लीन नजर आए। पूरा मंदिर परिसर धार्मिक उल्लास और भक्ति रस से सराबोर दिखाई दिया।
इस अवसर पर आचार्य पंडित राजपाल पांडेय ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजनों से गांव में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने कहा कि हवन से वातावरण शुद्ध होता है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिकों, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। अनुष्ठान के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।



