उघैती में बेखौफ चोरों का तांडव, नलकूप से 25 मीटर कॉपर केबल चोरी
तीन माह पहले स्कूल में भी हुई थी चोरी, लगातार वारदातों से ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

उघैती, बदायूं। थाना उघैती क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम पंचायत छिवऊ कलां में अज्ञात चोरों ने एक किसान के निजी नलकूप को निशाना बनाते हुए करीब 25 मीटर महंगी कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में चिंता और पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार धर्मपुर जाटन निवासी किसान अमर पाल सिंह पुत्र नौबत सिंह का निजी नलकूप सरेरा के खिन्नी वाले महाराज मंदिर और अमृत सरोवर के पास छिवऊ कलां की सीमा में स्थित है। किसान के मुताबिक, 20 सितंबर की शाम करीब 6 बजे से 21 सितंबर की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात चोर नलकूप पर पहुंचे।
चोरों ने स्टार्टर और मोटर के बीच लगी करीब 25 मीटर कॉपर केबल काटी और उसे लेकर फरार हो गए। सुबह नलकूप पर पहुंचने पर किसान को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाना उघैती में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
- तीन माह पहले स्कूल में भी हुई थी चोरी
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब तीन माह पहले छिवऊ कलां स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी चोरी की घटना हुई थी। अब नलकूप से कॉपर केबल चोरी होने के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि खेतों और गांव के आसपास चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। ग्रामीणों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की उम्मीद है। चोरी की घटना के बाद पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।




