अनुभव, सख्त पुलिसिंग और बेहतर कार्यशैली की पहचान… IPS मुनिराज जी ने संभाली बरेली परिक्षेत्र की कमान
2009 बैच के आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी की बरेली में दूसरी पारी, पहले एसएसपी के रूप में भी कर चुके हैं कार्य, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर।

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी अलग कार्यशैली और अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी ने बरेली परिक्षेत्र के नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके बरेली आगमन से पुलिस महकमे में एक बार फिर उनके पुराने कार्यकाल की चर्चा शुरू हो गई है।

वर्ष 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी इससे पहले भी बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2018-19 के दौरान उनके कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में पुलिस की सक्रियता को लेकर उनकी भूमिका चर्चा में रही थी।

उनके पिछले कार्यकाल के दौरान सर्राफा लूटकांड के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुठभेड़ में कार्रवाई की थी। वहीं बिथरी चैनपुर क्षेत्र के उमरिया-खजुरिया में कांवड़ यात्रा के दौरान तनावपूर्ण स्थिति को संभालने में भी उनकी सतर्कता की चर्चा रही।
अब एक बार फिर बरेली की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
डीआईजी मुनिराज जी ने अपनी प्राथमिकताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना शामिल बताया है। इसके लिए जिलों के पुलिस कप्तानों के माध्यम से लगातार निगरानी और बेहतर समन्वय पर जोर दिया जाएगा।

उनके अनुभव और बरेली की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों से पहले से परिचित होने के चलते उनकी यह नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि उनकी दूसरी पारी में बरेली परिक्षेत्र की पुलिसिंग को किस तरह नई दिशा मिलती है।
नव दर्पण न्यूज़ की ओर से नवागत डीआईजी मुनिराज जी को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।




