
बिल्सी। बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सतेती में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 16/17 अगस्त की रात परिवार के साथ सो रही 22 वर्षीय स्वानी पत्नी सनी को जहरीले सांप ने पैर में काट लिया। सांप के डसने की जानकारी होते ही परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बदायूं रेफर कर दिया।
बदायूं में उपचार के बाद स्वानी की हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया। बरेली में डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान स्वानी ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
- शादी को अभी डेढ़ साल भी नहीं हुआ था, मां बनने वाली थी स्वानी; सर्पदंश ने उजाड़ दिया परिवार
परिजनों के अनुसार स्वानी की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। बताया गया कि वह गर्भवती थीं। परिवार के लिए यह हादसा दोहरी त्रासदी बन गया। अचानक हुई मौत से पति समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- कछला गंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कछला गंगा घाट पर गमगीन माहौल में स्वानी का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार और रिश्तेदारों की आंखें नम रहीं।
- लेखपाल टीम करेगी घटना की जांच
बिल्सी के नायब तहसीलदार बदन सिंह ने बताया कि घटना की जांच के लिए लेखपाल टीम को निर्देश दिए गए हैं। टीम मौके पर पहुंचकर घटना और परिवार को हुए नुकसान से संबंधित जानकारी जुटाएगी।



