
उघैती/बदायूं। बदायूं जिले के बिसौली विकासखंड के गांव छिवऊ कलां में डेंगू का मामला सामने आने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। इसी गांव के निवासी हिंदुस्तान के पत्रकार व ब्यूरो चीफ योगेश ठाकुर भी डेंगू की चपेट में आ गए। उनकी तबीयत बिगड़ने पर आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
गांव में डेंगू का मामला सामने आने के बाद साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव के इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई नहीं हुई है। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इसके बावजूद अब तक गांव में फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। डेंगू का मामला सामने आने और पत्रकार योगेश ठाकुर के अस्पताल में भर्ती होने के बाद ग्रामीणों में बीमारी को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचकर बुखार से पीड़ित लोगों की जांच करे। साथ ही बिसौली ब्लॉक प्रशासन विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों की सफाई, फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवाका छिड़काव कराए, ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके।
अब देखना होगा कि गांव में डेंगू के खतरे को देखते हुए संबंधित विभाग कब तक प्रभावी कदम उठाते हैं।
नव दर्पण न्यूज़ की अपील: बुखार होने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सक से परामर्श लें। अपने आसपास पानी जमा न होने दें तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं।




