
बदायूँ। जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को आधुनिक तकनीक से लैस चार पहिया इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन के संचालन से ओवरस्पीडिंग, लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।

एसएसपी ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।

इन मामलों में होगी सख्त कार्रवाई
ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की पहचान और चालान।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई।
शराब या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों की जांच और कठोर कार्रवाई।
रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर अंकुश।
प्रेशर हॉर्न और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई।
यातायात जाम की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाना और यातायात सुचारु कराना।
एसएसपी ने की नियमों के पालन की अपील
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की, ताकि स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।



