
बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को एडीएम-ई अरुण कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो और घाट व कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी जाए

- यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुलिस एवं यातायात कर्मियों को निर्धारित यातायात व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
प्रभारी निरीक्षक उझानी और यातायात निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि किसी भी वाहन को पुल या घाट की ओर अनधिकृत रूप से न जाने दिया जाए और यातायात संचालन प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
“Zero Incident, Zero Accident” का लक्ष्य
एएसपी सिटी ने कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराया जाएगा। आपात स्थिति या किसी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
- इस दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार, ईओ नगरपालिका, चौकी प्रभारी कछला समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




