बदायूं। बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब छह बजे दहेमी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दादी की रसोई रेस्टोरेंट के आगे तेज रफ्तार निजी एंबुलेंस ने सामने से आ रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस वजीरगंज की ओर जा रही थी, जबकि टेंपो बदायूं की ओर आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। घायलों में एक महिला अफसाना गर्भवती बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।




