उसहैत में पॉलीथिन में मिला नवजात का शव, कुत्ता लेकर पहुंचा था पॉलीथिन
वार्ड संख्या सात में घटना से मचा हड़कंप, चश्मदीदों के मुताबिक कुत्ते के पॉलीथिन लेकर आने के बाद सामने आया मामला; पुलिस जांच में जुटी
बदायूं के कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या सात में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पॉलीथिन के अंदर नवजात शिशु मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
चश्मदीदों के मुताबिक, नवजात जिस पॉलीथिन में लिपटा हुआ था, उसे एक कुत्ता लेकर वहां आया था। लोगों की नजर पॉलीथिन पर पड़ी तो उसे खोलकर देखा गया, जिसके अंदर मृत नवजात शिशु मिला। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और नवजात के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में पॉलीथिन में रखकर वहां फेंका, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस की जांच के बाद ही नवजात की मौत और उसे वहां छोड़ने की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




