
बदायूं। जिले में लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। जिलाधिकारी श्री अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने 7 सितंबर को थाना उघैती एवं फैजगंज बेहटा क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं के घटनास्थलों का प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचकर भौतिक निरीक्षण किया।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थलों का जायजा लेते हुए दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की विस्तार से समीक्षा की। सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और दुर्घटना संभावित बिंदुओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा जिले के सभी संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दुर्घटनाओं में प्रभावित लोगों के लिए त्वरित राहत और उचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाए जाएं और यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए।




