दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा का सिर फूटा; सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज

बदायूं। जनपद के हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव दियौचरी में जानलेवा हमले के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। आरोपियों के परिजनों द्वारा किए गए हमले में उपनिरीक्षक (दरोगा) नवरतन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, जून माह में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में नामजद आरोपियों की तलाश में दरोगा नवरतन सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस द्वारा दिया गया नोटिस भी फाड़ दिया तथा टीम को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह पुलिसकर्मी मौके से निकले और घायल दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल दरोगा की तहरीर पर अजय पाल, धर्मपाल, अवनीश, रजनेश, हरपाल, शिवनीश और बंटू के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता : शिवेंद्र प्रताप यादव
नव दर्पण न्यूज़, बदायूं




