लखीमपुर खीरी में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे SDM की गाड़ी गड्ढे में फंसी, बाल-बाल बचे अधिकारी
जलभराव वाले रास्ते पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में उतरी सरकारी गाड़ी, ग्रामीणों की मदद से करीब 20 मिनट बाद वाहन को निकाला गया

लखीमपुर खीरी। जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे निघासन एसडीएम यदुवीर सिंह की सरकारी गाड़ी जलभराव वाले रास्ते पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। हादसे के समय वाहन में एसडीएम और उनका स्टाफ सवार था। गनीमत रही कि गाड़ी का एक ही पहिया गड्ढे में फंसा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मामला निघासन तहसील क्षेत्र के लुधौरी गांव से पुरैना गांव जाने वाले मार्ग का बताया जा रहा है। बाढ़ के कारण रास्ते पर जलभराव होने से सड़क की स्थिति खराब है। इसी मार्ग से एसडीएम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने जा रहे थे।
इसी दौरान सरकारी वाहन अचानक सड़क से अनियंत्रित होकर गड्ढे में उतर गया। वाहन फंसने के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से गाड़ी को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
हादसे में एसडीएम यदुवीर सिंह और उनके स्टाफ के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।



